कोरबा में ट्रांसफर के एवज में रिश्वत लेते शिक्षक गिरफ्तार, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप, जांजगीर चांपा जिले में पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पपर सख्ती से अमल कर रही है। इसी कड़ी में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा जिले के बेला गांव में पदस्थ एक शिक्षक को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक ने एक अन्य शिक्षक के स्थानांतरण (ट्रांसफर) के लिए 2 लाख रुपये की मांग की थी। इस पर पीड़ित शिक्षक ने साहस दिखाते हुए सीधे एसीबी से संपर्क किया और पूरा मामला उनके संज्ञान में लाया। ACB ने शिकायत की पुष्टि करते हुए सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और रिश्वत लेते ही शिक्षक को पकड़ लिया।

एसीबी की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारी जांच में जुट गए हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी शिक्षक अकेला था या इसके पीछे कोई बड़ा रैकेट या नेटवर्क भी सक्रिय है।

पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया

उधर जांजगीर चांपा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान बालमुकुंद राठौर के रूप में हुई है, जो ग्राम हल्का नंबर 19, धाराशिव पुटपुरा में पदस्थ है।

आरोपी पटवारी ने जमीन दुरुस्ती एवं बटांकन के कार्य को लेकर ग्रामीण सतेन्द्र कुमार राठौर से 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। परेशान होकर सतेन्द्र ने इसकी शिकायत ACB से की। शिकायत के आधार पर ACB ने कार्रवाई की योजना बनाई और शुक्रवार को जाल बिछाकर पटवारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़ लिया।

ACB की इस कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। ACB की टीम ने इस कार्रवाई के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Spread the word