पेंशन हितग्राही एप्प के माध्यम से भी करा सकेंगे ई-केवाईसी

कोरबा । राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत संचालित केन्द्रीय पेंशन योजनाओं के हितग्राही एप्प के माध्यम से भी ई-केवाईसी करा सकते हैं।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन के हितग्राहियों का वार्षिक सत्यापन कराना है। सत्यापन एप्प एक ऐसा एप्लिकेशन है, जिसका उपयोग भारत सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राही ई-केवाईसी कर सकते हैं। यह एप्प आधार-सक्षम प्रमाणीकरण का उपयोग कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के पेंशन हितग्राहियों के सत्यापन को सरल बनाने किया है। एंड्रायड मोबाइल फोन के प्ले स्टोर में एप्प उपलब्ध है, जिसको आप अपने मोबाइल फोन पर इंस्टॉल कर सकते हैं। विभिन्न पेंशन हितग्राहियों का बैंक में आधार लिंक नहीं होने व बैंक खाता बंद होने के कारण उनकी पेंशन वापस हो रही है।
हितग्राहियों को समय पर पेंशन प्राप्त हों, उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आयुक्त ने जोन कमिश्नरों व जोन के उप प्रभारियों को हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें सत्यापन एप्प के संबंध में बताने कहा है। हितग्राही जोन कार्यालय पेंशन शाखा में उपस्थित होकर सत्यापन करा सकते हैं। हितग्राही स्वयं नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित समाज कल्याण विभाग की पेंशन शाखा में उपस्थित होकर भौतिक सत्यापन करा सकते हैं।
