भाजपा नेता और बिहार के बड़े कारोबारी खेमका हत्या कांड का एक आरोपी एनकाउंटर में ढेर, एक पहले हो चुका है- गिरफ्तार

पटना: बिहार बड़े कारोबारी और भाजपा नेता गोपाल खेमका हत्याकांड का दूसरा आरोपी विकास उर्फ राजा पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है. इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटर उमेश को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था. वहीं मंगलवार को मालसलामी थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में अब विकास मारा गया है. ईट के भट्टे के चेंबर के पास ये एनकाउंटर सुबह 4:00 बजे के करीब हुआ. बताया जा रहा है कि मौका-ए-वारदात पर उमेश के साथ विकास भी मौजूद था.
एक लाख रूपये में की थी हत्या
बता दें कि बिजनेसमैन एवं भाजपा नेता गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस ने शूटर उमेश कुमार को पटना के मालसलामी इलाके से पकड़ा था. पुलिस ने गंगा किनारे से हथियार भी बरामद किए थे. उमेश अपने परिवारिक कारणों की वजह से जरूरतमंद था. उसने लगभग एक लाख रुपए के लिए इस घटना को अंजाम दिया था.
एसटीएफ और पटना पुलिस ने गिरफ्तार शूटर उमेश कुमार की निशानदेही पर कोतवाली थाने से सटे उदयगिरी अपार्टमेंट में छापेमारी की. फ्लैट नंबर 601 पर छापेमारी कार्रवाई की गई थी, जहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया.
इससे पहले, इस मामले को लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने सोमवार को कहा था कि हर संभावित एंगल से हत्याकांड की जांच जारी है और पुलिस केस क्रैक करने के बेहद नजदीक पहुंच चुकी है. एक-दो दिनों में पूरे मामले से पर्दा उठ जाएगा. उन्होंने कहा था कि पटना के बांकीपुर क्लब का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है, लेकिन वहां सीसीटीवी का बैकअप उपलब्ध नहीं हो पा रहा है.
घर के पास मारी गई थी गोली
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार यानी 4 जुलाई देर रात पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में स्थित रामगुलाम चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने भाजपा नेता और कारोबारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है. एसआईटी को इस मामले में जल्द से जल्द ठोस नतीजे तक पहुंचने का निर्देश दिया गया था. पुलिस की तमाम खुफिया इकाइयों को भी इस केस में एक्टिव कर दिया गया था. इस मामले में अभी तथ्यों के पूर्ण खुलासा की प्रतीक्षा है.
