क्या कांग्रेस अध्यक्ष खरगे खुद को बाबा साहब अम्बेडकर मानते हैं.? बाबा साहब का अपमान, कांग्रेस मांगे माफी: भाजपा

रायपुर 7 जुलाई । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के रायपुर दौरे से पहले एक राजनीतिक बयान ने नया बवाल खड़ा कर दिया है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने खड़गे को “अंबेडकर का दूसरा अवतार” बताते हुए कहा कि उनके आगमन से छत्तीसगढ़ को दिशा मिलेगी। इस बयान को लेकर भाजपा भड़क गई है, और कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग कर रही है।
BJP ने कहा- बाबा साहब का अपमान
भाजपा नेताओं ने भगत के बयान को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान बताया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस को इस बयान पर तुरंत माफी मांगनी चाहिए, और यदि नहीं मांगती, तो अमरजीत भगत को पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए।
अमरजीत भगत ने क्या कहा?
सोमवार सुबह रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान अमरजीत भगत ने कहा “छत्तीसगढ़ सरकार गहरी नींद में सो रही है। स्कूल बंद हो रहे हैं, शराब दुकानें खुल रही हैं। प्रदेश पूरी तरह डूब गया है। ऐसे में मल्लिकार्जुन खड़गे के आने से प्रदेश का भला होगा। वह इस अराजकता में रास्ता दिखाएंगे।”
उन्होंने खड़गे को “बाबा साहब अंबेडकर का दूसरा रूप” बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व से सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा संभव होगी।
BJP प्रशिक्षण शिविर पर भी हमला
भगत ने मैनपाट में चल रहे भाजपा के प्रशिक्षण शिविर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा “भाजपा के भीतर विसंगतियां बढ़ गई हैं। पुराने नेताओं को दरकिनार कर दिया गया है। विधायक मंत्रियों का विरोध कर रहे हैं। संगठन में गहरी खाई है।”
कांग्रेस नरम, विवाद गरम
कांग्रेस की ओर से इस बयान पर अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन भाजपा लगातार इस बयान को लेकर कांग्रेस पर सामाजिक प्रतीकों के दुरुपयोग का आरोप लगा रही है।
