नामांकन पश्चात चेम्बर चुनाव में बढ़ी सरगर्मी.. गजानंद पैनल को मिल रहा भरपूर समर्थन, पूर्व कार्यकारिणी पर उठाए प्रश्न

कल 1 जुलाई को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
कोरबा 30 जून। नामांकन संपन्न होने के पश्चात कोरबा चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव को लेकर व्यापारियों में सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार गजानंद अग्रवाल (गज्जू), महामंत्री उम्मीदवार सुभाष केडिया तथा कोषाध्यक्ष उम्मीदवार विशाल सचदेव के पैनल को व्यापारियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। चुनाव में नये उम्मीदवारों के द्वारा पुनः चुनाव लड़ रहे पूर्व पदाधिकारियों पर तीखा हमला बोला गया है।

गजानंद पैनल ने चेम्बर की पूर्व कार्यकारिणी के कार्यकाल पर प्रश्न उठाते हुए उन्हें निष्क्रिय करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया की पूर्व कार्यकारिणी के द्वारा पिछले चुनाव के अपने घोषणा पत्र में किए हुए वादों को पूरा नहीं किया गया। वहीं अब इस चुनाव में उनके द्वारा नया घोषणा पत्र लाया गया है। सवाल उठता है कि जब पूर्व के घोषणा पत्र के वादों का कुछ हुआ नहीं, तो नये घोषणा पत्र के वादों के पूरा होने की क्या गारंटी है। गजानंद पैनल ने आरोप लगाया कि पूर्व कार्यकारिणी के द्वारा 3 वर्षों में एक भी बैठक नहीं बुलाई गई। साथ ही 4500 रजिस्टर्ड व्यापारी होने के बाद भी केवल 50 से 60 नये सदस्य चेम्बर में जोड़े गए। उन्होंने कहा कि जो संस्था व्यापारियों की आवाज बननी चाहिए थी वह कुछ लोगों का समूह बनकर रह गई।

गजानंद अग्रवाल ने कहा — “व्यापारी हित के जितने वादे किए गए थे, उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। जो लोग 3 साल तक बैठक तक नहीं कर सके, वो अब फिर बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। यह व्यापारियों के साथ मजाक है।”
महामंत्री पद के उम्मीदवार सुभाष केडिया ने कहा — “अब समय है कोरबा चेम्बर को जिंदा करने का। व्यापारियों की ताकत और समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने वाली टीम चाहिए। पुरानी टीम ने भरोसा तोड़ा है, नई टीम भरोसा बनाएगी।”
कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवार विशाल सचदेव ने कहा — “व्यापारियों के बीच नई ऊर्जा लाने के लिए नई सोच जरूरी है। हम हर सत्र में बैठक करेंगे, व्यापारियों की समस्या पर तुरंत कार्रवाई कर प्रशासन से समाधान की दिशा में कदम उठाएंगे।”
गजानंद पैनल को मिल रहा भरपूर जनसमर्थन

अध्यक्ष उम्मीदवार गजानंद अग्रवाल व उनके पैनल के द्वारा जिले भर में सघन जनसंपर्क किया जा रहा है। जनसंपर्क के दौरान उन्हें व्यवसाईयों का भरपूर समर्थन व आशिर्वाद प्राप्त हो रहा है। सहज, सरल और मिलनसार तथा हर वक्त व्यापारियों के हित में आगे की पंक्ति में खड़े रहने वाले गजानंद अग्रवाल को वरिष्ठ सदस्यों का आशीर्वाद मिल रहा है वहीं युवा सदस्य निरंतर समर्थन व सहयोग का भरोसा दिला रहे हैं।

अपने पैनल साथियों, सदस्य मतदाताओं के साथ गजानंद अग्रवाल ने पूर्व जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।

चेम्बर के पूर्व पदाधिकारी और वरिष्ठों से मार्गदर्शन लेते हुए उनके सानिध्य में सभी को साथ लेकर गजानंद अग्रवाल चुनाव मैदान में उतरे हैं। जिले के पाली, कटघोरा,कुसमुण्डा, दीपका, छुरी,जमनीपाली,दर्री, बालको के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों के चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्य मतदाताओं से भी उन्होंने प्रत्यक्ष मुलाकात कर अपने पैनल के समर्थन में मतदान की अपील की है।
