बढ़ते अतिक्रमण से यातायात की बढ़ी समस्या, लोग परेशान

कोरबा 29 जून। नगर पालिका क्षेत्र कटघोरा में अतिक्रमण की बढ़ोतरी से यातायात की समस्या पैदा हो गई है। लोगों को इस वजह से परेशान होना पड़ रहा है। संबंधित विभागों को इस तरह प्रभावी हस्तक्षेप करने की जरूरत है।

शहीद वीर नारायण सिंह चौक कटघोरा से अम्बिकापुर रोड के पूछापारा मोड़ तक सडक के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। खासकर मुरली होटल, स्टेट बैंक और बस स्टैंड के सामने व्यापारीगण अपने दुकानों का सामान, बैनर, होर्डिंग और वाहन सीधे सडक पर खड़ा कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। इसके चलते न केवल सडक पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। उक्त मार्ग पर वीआईपी मूवमेंट लगातार होता है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। थाना प्रभारी ने कहा है कि दोनों ओर अतिक्रमण हटाना अति आवश्यक है ताकि यातायात व्यवस्था सुधरे और दुर्घटनाओं से बचा जा सके पुलिस ने चौक के पास अत्यधिक गति से गुजरने वाले वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई है। चौक के पास शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीएम श्री आत्मानंद विद्यालय,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं बस स्टैंड स्थित है। इन क्षेत्रों से स्कूली बच्चे, मरीज, यात्री एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में गुजरते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। सुझाव दिया कि चौक के चारों तरफ-अस्पताल के पास, आत्मानंद स्कूल के पास तथा गुरुद्वारा के पास-स्पीड ब्रेकर बनाया जाए, ताकि वाहन चालकों की गति नियंत्रित रहे और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।

यदि संबंधित विभाग जल्द कार्यवाही नहीं करते हैं तो थाना प्रशासन स्वतः संज्ञान लेकर अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई करेगा। शहरवासी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और अतिक्रमण से बचें।

Spread the word