संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए लाखों रुपये की विदेशी शराब और बीयर, आबकारी और पुलिस विभाग तलाश में जुटे

डिपो से डिलीवरी के लिए निकली शराब हो गई रास्ते से गायब, पुलिस में दर्ज की गई रिपोर्ट, शराब डिपो से रायगढ़ के लिए निकली थी गाड़ी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लाखों रुपये की विदेशी शराब और बीयर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी स्थित शराब डिपो से एक ट्रक रायगढ़ जिले की विभिन्न शराब दुकानों में सप्लाई के लिए रवाना हुआ था, लेकिन वहां डिलीवरी नहीं पहुंची।
बताया जा रहा है कि ट्रक में विदेशी प्रीमियम क्वालिटी की शराब और बीयर लोड थी, जिसकी कुल कीमत लाखों में आंकी जा रही है। रास्ते में ही चालक ने पूरी खेप को गायब कर दिया और वाहन सहित फरार हो गया। जब तय समय पर शराब की डिलीवरी नहीं हुई, तब रायगढ़ के ठेकेदारों ने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी।
ट्रक के मालिक को जब इस बात की जानकारी मिली, तो उसने तुरंत सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश जारी है। इस घटना से आबकारी विभाग में भी हड़कंप मच गया है, क्योंकि इतनी बड़ी मात्रा में शराब का गायब होना विभागीय निगरानी प्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हेराफेरी में चालक अकेला शामिल था या किसी गिरोह का हिस्सा था। जल्द ही ट्रक और शराब की बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है।
