नाबार्ड मुख्य महाप्रबंधक ने किया ग्रामीण हाट बाजार का शुभारम्भ

कोरबा. नाबार्ड की ग्रामीण हाटबाजार निर्माण कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत चुइया में अजगरबहार मुख्य सड़क के किनारे मॉडल हाट बाजार का निर्माण कराया गया है। विगत दिवस इसका शुभारम्भ नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ ज्ञानेन्द्र मणी ने जिला विकास प्रबंधक संजीव प्रधान, सहायक प्रबंधक दिवाकर, बालको सीएसआर प्रमुख शुभाशीष दास, जनपद सदस्य गायत्री कंवर आदि की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर जलग्रहण विकास समिति के सदस्य डिक्सन मसीह भी उपस्थित थे।
महाप्रबंधक डॉ ज्ञानेन्द्र मणी ने शिलालेख का अनावरण एवं फीता काटकर ग्रामीण बाजार हाट का शुभारम्भ किया। ग्राम पंचायत को उक्त बाजार की संरचना को सुपुर्द करते हुए कहा कि ग्रामीण हाट बाजार ग्राम स्तर पर गांव की आर्थिक गतिविधि को गति देने का एक महत्वपूर्ण साधन है। गांव में इस बाजार के बन जाने से यहां के कर संग्रहण में वृद्धि होकर उस पैसे को बाजार के व गांव के विकास पर व्यय करें।
उन्होंने बाजार शेड को और भी आजीविका संरक्षण गतिविधि को बढ़ावा देने पर जोर दिया तथा सप्ताह में एक दिन महिला बाजार लगाने का आह्वान किया। जिला विकास प्रबंधक ने कहा कि चुईया में पहले से बाजार लगता था परन्तु आधारभूत सुविधाओं की कमी थी। इसको देखते हुए नाबार्ड द्वारा आधारभूत सुविधाओं का विकास करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीण हाट बाजार के विकसित होने से स्थानीय ग्रामीण व्यवसायियों का व्यवसाय बढ़ेगा। यह एक ऐसा बाजार है जहां पेयजल, एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है। कचरा प्रबंधन के लिए कूड़ेदान की व्यवस्था है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने ग्रामीण हाट बाजार की चाबी सरपंच को सौपी। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक एवं अन्य सभी अतिथियों द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत बाजार परिसर में 50 पौधे लगाये गए।
