नदी किनारे मिली 2 मासूमों और महिला की लाश, हत्या कर रेत में दफनाने वाले की हो रही तलाश

जशपुरनगर। जिले के तपकरा पुलिस को दिनांक 23 जून 2025 को सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्रमोद गिद्धी, शराब के नशे में ग्रामीणों को बोल रहा था कि उसने थाना तपकरा क्षेत्र के साजबहार (उतियाल नदी) में 01 महिला और 02 बच्चों को मारकर नदी के किनारे दफना दिया है।
इस सूचना पर पुलिस तत्काल साजबहार (उतियाल नदी) में तस्दीक करने मौके पर गई एवं उभार वाले रेत को हटाकर देखने पर 01 लड़का बच्चा (उम्र लगभग 06 साल) एवं 01 बच्ची (उम्र लगभग 11 साल) का शव मिला एवं कुछ दूर आगे जंगल में 01 महिला (उम्र लगभग 36 साल) का शव मिला, जिनकी पहचान परिजनों एवं साजबहार के ग्रामवासियों द्वारा की गई है।
मामले में मर्ग कायम कर जाॅंच कार्यवाही की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। मर्ग पंजीबद्ध किया गया है, PM रिपोर्ट आने पर आगामी कार्यवाही की जावेगी। प्रकरण के सभी पहलुओं की बारीकी से विवेचना की जा रही है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा घटना के संबंध में बताया गया है किः- “प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है, चूंकि संदेही प्रमोद गिद्धी ने ग्रामीणों के समक्ष हत्या करने की बात कही है एवं वह घटना के बाद से फरार है, अतः मुख्य संदेही प्रथम दृष्टया यही प्रतीत होता है। लेकिन पुलिस द्वारा घटना के सारे संभावित बिन्दुओं पर बारीकी से जाॅंच की जा रही है। अंतिम निष्कर्ष जाॅंच के बाद ही प्राप्त होगा।”
