कोरबा पुलिस की कार्रवाईः दो दिन में 101 फरार आरोपी भेजे गये जेल

कोरबा 24 जून। अलग-अलग आपराधिक मामलों में वांछित ऐसे आरोपियों की खोज की जा रही है जो कोर्ट में पेश में नहीं हो रहे हैं। पुलिस ने अभियान चलाने के साथ शताधिक ऐसे तत्वों को दबोचने के साथ जेल का रास्ता दिख दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अरसे से फरार स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों की तामिल के निर्देश के बाद जिला कोरबा के सभी थानों में वारंटियों के गिरफ्तारी की ताबड़तोड़ कार्यवाही की गई। विगत दो दिवस के भीतर विभिन्न थानों में 12 स्थाई तथा 89 गिरफ्तारी वारंटियों सहित कुल 101 अरसे से फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर अलग-अलग न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस के इस कार्यवाही से अपराधियों में अफरा तफरी देखी गई।

अभियान मे थाना उरगा, कोतवाली, बालको, पाली, दर्री, करतला, हरदीबाजार, कुसमुंडा, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन रामपुर, कटघोरा तथा बांगो और पुलिस चौकी कोरबी, जटगा, मोरगा, मानिकपुर एवं सीएसईबी में वारंटो की तामिली हुई। अभियान के तहत थाना उरगा ,बांकीमोंगरा और बाल्को ने अधिक वारंट तामिल किये ।बताया गया कि थाई वारंट तमिल करने वाले पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। अपराध, अपराधियों तथा वारंटी के विरुद्ध धर पकड़ का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ।

Spread the word