September 11, 2026
News

सुपरफास्ट की चपेट में आकर सीएसईबी कर्मी की मौत

कोरबा 20 जून। सीएसईबी कालोनी कोरबा निवासी दिलावर सिंह की ट्रेन हादसे में मौत हो गई। खबर के अनुसार स्टेशन पर दूसरी तरफ जाने के लिए उपलब्ध फुट ओवरब्रिज का उपयोग करने के बजाय प्लेटफार्म नंबर-2 जाने के लिए ट्रैक का सहारा लेना उसके लिए घातक साबित हुआ। जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर चांपा में हुई इस दुर्घटना में दिलावर की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि उसे अपने गंतव्य जाना था और शाम 5 बजे चांपा में कनेक्टिंग ट्रेन को आना था। ट्रैक क्रास करने के दौरान एक ट्रैक पर सुपरफास्ट गाड़ी का सिग्नल पहले ही हो चुका था। इससे पहले कि वह सुरक्षित दूसरे प्लेटफार्म पर पहुंच पाता वह ट्रेन की चपेट में आ गया। प्लेटफार्म पर मौजूद सैकड़ों यात्रियों के सामने दिलावर चल बसा। इससे यहां अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में ट्रेन के लोको पायलट को सूचित किया गया तब ट्रेन रोकी गई। जीआरपी ने मौके से शव को हटाया और खानापूर्ति की। मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद अगली कार्यवाही की गई। दिलावर की निधन की खबर मिलने से सीएसईबी कालोनी में शोक व्याप्त है।