छत्तीसगढ़ में खुलेगी नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, गृहमंत्री शाह करेंगे भूमिपूजन

रायपुर (लोकमाया)। छत्तीसगढ़ में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी खुलेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने 22 और 23 जून 2025 को छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान नवा रायपुर में यूनिवर्सिटी कैंपस का भूमि-पूजन करेंगे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नेशनल फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी साइंस की जानकारी देते हुए बताया कि नवा रायपुर में 40 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। लगभग साढ़े 3 सौ करोड़ रुपए की लागत से विश्वविद्यालय बनेगा। भवन बनने के पहले यूनिवर्सिटी में इसी शैक्षणिक सत्र में पढ़ाई शुरू हो जाएगी, जिसके लिए ट्रांजिट कैंपस का भी गृहमंत्री शुभारंभ करेंगे।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने प्रवास के दौरान प्रशासनिक बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। हालांकि, बैठक के लिए स्थान अभी तय नहीं किया गया है, इसके साथ शाह शहीद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरिपंजे के परिजनों के अलावा बस्तर में जवानों से मुलाकात करेंगे।

22 की शाम को आएंगे शाह

केंद्रीय मंत्री अमित शाह दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर 22 जून की शाम को यहां पहुंचेंगे। यहां पर वे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ‘रात्रि विश्राम करेंगे। दूसरे दिन नक्सल मामलों की समीक्षा सुरक्षा बलों के प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही राज्य में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भाजपा के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

Spread the word