आग के शोलों के बीच से ईरान से छः सौ से अधिक विदेशी नागरिक अजरबैजान के रास्ते निकाले गए

तेहरान। इजराइल की तरफ से ईरान पर हमला शुरू होने के बाद से 600 से ज्यादा विदेशी नागरिकों को अजरबैजान के रास्ते ईरान से निकाला गया है। एक सरकारी अधिकारी ने AFP न्यूज एजेंसी को बताया कि निकाले गए लोगों में 17 देशों के लोग शामिल हैं। इनमें रूस, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, जर्मनी, स्पेन, इटली, सर्बिया, रोमानिया, पुर्तगाल, संयुक्त राज्य अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, चीन और वियतनाम के नागरिक शामिल हैं।

AFP न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कैस्पियन सागर तट पर अस्तारा चेकपॉइंट के जरिए बॉर्डर पार करने वाले लोगों को बाकू एयरपोर्ट पर ले जाया जा रहा है और वहां से उनके देश भेजा जा रहा है।

इजराइल बोला- खामेनेई का हश्र सद्दाम हुसैन जैसा होगा

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को चेतावनी दी है कि उनका हश्र इराक के सद्दाम हुसैन जैसा हो सकता है। काट्ज ने कहा, ‘मैं ईरानी तानाशाह को हमले जारी रखने और इजराइली नागरिकों पर मिसाइल दागने के खिलाफ चेतावनी देता हूं।’

काट्ज ने सद्दाम हुसैन का जिक्र करते हुए कहा, ‘उन्हें अपने पड़ोसी देश इराक के तानाशाह का हश्र याद रखना चाहिए, जिसने इजराइल के खिलाफ यही रास्ता चुना था।’

याद रहे कि सद्दाम हुसैन इराक के पांचवें राष्ट्रपति थे। उन्होंने 1979 से 2003 तक शासन किया। उन्होंने ईरान-इराक युद्ध और खाड़ी युद्ध सहित कई प्रमुख संघर्षों के दौरान इराक का नेतृत्व किया।2003 में, अमेरिका ने इराक पर हमला किया और सद्दाम के शासन को उखाड़ फेंका। सद्दाम हुसैन पर आतंकी संगठन अल-कायदा के साथ संबंध रखने का आरोप लगे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 30 दिसंबर, 2006 को, उन्हें फांसी दे दी गई। सद्दाम हुसैन ने फांसी दिए जाते समय किसी तरह का विरोध नहीं किया, लेकिन काला नकाब पहनने से इनकार कर दिया था।

ईरान के बैंक पर साइबर अटैक, इजराइली हैकर्स ने जिम्मेदारी ली

ईरान के बैंक सेपाह पर मंगलवार को साइबर अटैक हुआ, जिससे ऑनलाइन सेवाएं ठप हो गई हैं। ईरान की सेमी-गवर्नमेंट न्यूज एजेंसी FARS के मुताबिक, इजराइल से जुड़े हैकर्स के एक ग्रुप ने बैंक पर साइबर अटैक की जिम्मेदारी ली है।

साइबर अटैक के कारण बैंक के ग्राहकों को दिक्कतें आ रही हैं। ईरान के साइबर सुरक्षा कमांड ने बैंक अधिकारियों और उनके सिक्योरिटी डिटेल्स को ध्यान में रखते हुए सभी कनेक्टेड डिवाइस के इस्तेमाल पर बैन लगा दिया है। FARS के मुताबिक, बैंक सेपाह पर साइबर अटैक गैस स्टेशनों पर सेवाओं को प्रभावित कर सकती हैं। क्योंकि गैस स्टेशनों पर सभी लेन-देन इसी बैंक के जरिए होती है।

ईरान ने सभी डॉक्टरों-नसों को छुट्टी से वापस बुलाया

ईरान ने ईजराइली हमलों के बीच छुट्टी पर गए सभी डॉक्टरों और नर्सों को काम पर वापस बुला लिया है। ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री सईद सज्जाद रजावी ने अपने बयान में कहा, ‘डॉक्टरों और नर्सों की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों पर लगातार मौजूद रहने के लिए कहा गया है।’

ईरान ने मोसाद हेडक्वार्टर पर हमला किया

ईरान ने इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के हेडक्वार्टर पर हवाई हमला किया है। यह बिल्डिंग राजधानी तेल अवीव के हर्जीलिया टाउन में मौजूद है। इसके अलावा मिलिट्री इंटेलिजेंस से जुड़ी खुफिया एजेंसी Aman की बिल्डिंग को भी निशाना बनाया है।

ईरान की सेना इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्म्स (IRGC) ने मीडिया को दिए बयान में दोनों जगहों पर हमलों की पुष्टि की है। सोशल मीडिया पर मोसाद हेडक्वार्टर पर हमले का वीडियो भी सामने आया है। हमले के बाद वहां भीषण आग लग गई। फिलहाल मोसाद हेडक्वार्टर पर हमले में जानमाल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

Spread the word