बांकीमोंगरा नगर पालिका कार्यालय में संदिग्ध गतिविधि, विधायक प्रतिनिधि ने सीसीटीवी फुटेज जांच की मांग की

कोरबा 17 जून। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा में देर रात संदिग्ध गतिविधियों को लेकर हड़कंप मच गया है। विधायक प्रतिनिधि लक्खु शर्मा (लक्ष्मीचंद शर्मा) ने 12 जून 2025 की रात को नगर पालिका कार्यालय में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा संदिग्ध कार्य किए जाने की शिकायत करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपा है।

लक्खु शर्मा ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि 12 जून को रात लगभग 7 बजे से 10 बजे के बीच कुछ अज्ञात व्यक्ति पालिका कार्यालय में मौजूद थे और वे संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त थे। जबकि नगर पालिका कार्यालय का समय शाम 5 बजे तक होता है और इसके बाद केवल विशेष परिस्थितियों में ही किसी अधिकारी या कर्मचारी को कार्य करने की अनुमति दी जाती है। उन्होंने आशंका जताई है कि देर रात नगर पालिका में घुसे लोगों ने दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ की हो सकती है, जो कि अत्यंत गंभीर मामला है। इस पर तुरंत जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

विधायक प्रतिनिधि ने नगर पालिका अधिकारी से मांग की है कि उक्त रात की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाए और पूरी घटना की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जा सके।

Spread the word