Israel Iran War: आज इजरायल ने उड़ा दिया ईरान के रक्षा मंत्रालय का मुख्यालय भी, तेहरान भी अब नहीं रहा सुरक्षित

तेलअबीब। इजरायल और ईरान के बीच जंग ने भयानक रूप ले लिया है। दोनों देशों की तरफ से एक-दूसरे के महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले किए जा रहे हैं। इस बीच इजरायल ने ईरान में बड़ा हमला कर दिया है। ताजा हमलों में इजरायल की सेना ने ईरान के रक्षा मंत्रालय का मुख्यालय ही उड़ा दिया है। इतना ही नहीं इजरायल की ओर से ईरान के कई अन्य बेहद अहम ठिकानों पर भी अटैक किया गया है।

इजरायली सेना ने कहा

इजरायली सेना ने रविवार को कहा कि उसने तेहरान में ईरान के रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय को निशाना बनाया है। इजरायल ने यह भी कहा कि उसने तेहरान के आसपास ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी साइटों को भी टारगेट किया है। इजरायल का कहना है कि ये साइटें ईरानी शासन की परमाणु हथियार परियोजना से संबंधित थीं।

ईरान के ऑयल डिपो पर हमला

इजरायल ने ईरान के ऑयल डिपो पर भी हमला किया है। ईरान की न्यूज एजेंसी IRNA के मुताबिक इजरायल ने तेहरान और बुशहर में ऑयल डिपो और गैस रिफाइनरी समेत 150 से ज्यादा ठिकानों को हिट किया है। पिछले 48 घंटों में ईरान पर इजरायल के हमलों में 130 लोगों की मौत हुई है। इन लोगों में 9 न्यूक्लियर साइंटिस्ट और ईरान के कई बड़े सैन्य कमांडर्स शामिल हैं। घायलों की तादाद 300 से ज्यादा बताई जा रही है।

‘तेहरान अब सुरक्षित नहीं’

इससे पहले इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा था कि अगर ईरान ने मिसाइलें दागना जारी रखा तो तेहरान जल जाएगा। इजरायली रक्षा मंत्री के बाद अब इजरायल रक्षा बल (IDF) के प्रवक्ता ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि तेहरान अब सुरक्षित नहीं है।

नागरिक तुरंत इलाका खाली करें

ईरान और इजराइल ने शनिवार देर रात एक बार फिर एक-दूसरे पर कई मिसाइलें दागीं। दोनों देशों के बीच बीते 3 दिनों से संघर्ष जारी है। इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने ईरान में मिलिट्री हथियार फैक्ट्रियों और उनके आसपास रहने वाले नागरिकों को तुरंत इलाका खाली करने की चेतावनी दी है।

IDF के कर्नल अविचय अद्री ने X पर पोस्ट में कहा कि हथियार फैक्ट्रियों के पास रहना ईरानियों के लिए खतरनाक हो सकता है। इजराइल का दावा है कि उसने तेहरान में रक्षा मंत्रालय को निशाना बनाया है। इसके अलावा तेहरान और बुशहर में ऑयल डिपो और गैस रिफाइनरी समेत 150 से ज्यादा ठिकानों को तबाह किया है।

पिछले तीन दिनों के दौरान इजराइली हमले से ईरान में 138 लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें 9 न्यूक्लियर साइंटिस्ट और 20 से ज्यादा ईरानी कमांडर्स शामिल हैं। जबकि 350 से ज्यादा लोग घायल हैं। ईरान की राजधानी तेहरान समेत 7 राज्यों में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिया गया है।

ईरान ने भी पलटवार करते हुए इजराइल पर 150 से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं। इसमें 13 इजराइली मारे गए हैं और 300 से ज्यादा घायल हैं। इजराइल के हाइफा शहर के बाजान तेल रिफाइनरी सेंटर को भी नुकसान पहुंचा है। ईरान ने कहा है कि अगर इजराइल हमले रोक लेता है तो ईरान भी रोक देगा। हालांकि इस पर इजराइल की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।

Spread the word