नगर पालिका परिषद में डीएमएफ मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों में लगा भ्रष्टाचार का आरोप

विधायक प्रतिनिधि ने जिलाधीश को लिखित शिकायत पत्र सौंपा
कोरबा 13 जून। बांकी मोंगरा नगर पालिका परिषद में डीएमएफ (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) एवं अधोसंरचना मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप सामने आया है। यह गंभीर आरोप नगर पालिका परिषद कोरबा के विधायक प्रतिनिधि श्री लक्ष्मी चन्द्र शर्मा ने लगाते हुए जिलाधीश कोरबा को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा है।
श्री शर्मा ने अपने पत्र में स्पष्ट तौर पर उल्लेख किया है कि नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता बरती जा रही है। उनका आरोप है कि सीएमओ एवं पालिका के कुछ अधिकारी ठेकेदारों को नियमों के विरुद्ध घटिया कार्य करने की मौखिक अनुमति दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब योजनाबद्ध तरीके से, मिलीभगत के तहत हो रहा है।
शिकायत में बताया गया कि संबंधित अधिकारियों को पहले भी दो बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, स्थानीय संगठनों और नागरिकों द्वारा भी सीएमओ के व्हाट्सएप नंबर पर घटिया निर्माण कार्य की तस्वीरें भेजी गईं, लेकिन उसे भी नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने जिलाधीश से मांग की है कि एक निष्पक्ष जांच टीम गठित की जाए और समस्त वार्डों में चल रहे कार्यों का मौके पर जाकर मूल्यांकन कराया जाए। यदि कार्य गुणवत्ताहीन पाए जाएं तो उन्हें निरस्त कर नए सिरे से टेंडर जारी किया जाए ताकि कमीशनखोरी पर लगाम लगाई जा सके।
यह मामला अब जिले की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। अगर जांच होती है और आरोप सही साबित होते हैं, तो कई अधिकारियों और ठेकेदारों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जनता को अब उम्मीद है कि जिलाधीश इस मामले को गंभीरता से लेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
