हसदेव दायीं तट नहर और दादर नाला में गिरी दो बेकाबू चारपहिया वाहन, जनहानि नहीं

कोरबा 12 जून। पिछली रात हुए घटनाक्रम में दो चारपहिया गाड़ी बेकाबू होने के साथ हसदेव दायीं तट नहर और दादर नाला के हवाले हो गई। इनमें से एक गाड़ी रायपुर पासिंग है जबकि दूसरी कोरबा जिले की। घटना में जनहानि नहीं होने की खबर है। लेकिन वाहनों को जबरदस्त नुकसान पहुंच गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि चालकों के नशे में होने के कारण दुर्घटना हुई।
कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि सर्वमंगला चौराहा के आगे बरमपुर इलाके से गुजरने वाली हसदेव दायीं तट नहर में इस समय पानी कम है और यही वजह रही कि रात को हुई दुर्घटना में किसी व्यक्ति के साथ अनिष्ट नहीं हुआ। पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन रायपुर पासिंग है। उसमें कितने लोग सवार थे और वे कहां के थे, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। इस रास्ते से गुजरने के दौरान गाड़ी अनियंत्रित हुई और सीधे नहर में जा गिरी। इस घटना में वाहन के सामने और अगल-बगल के शीशे टूटे या फिर गाड़ी में मौजूद लोगों ने बाहर निकलने के लिए इन्हें तोड़ा होगा। दुर्घटना के बाद लोगों ने सुरक्षित जगह के लिए वापसी कर ली। घटना को लेकर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। जब तक संबंधित व्यक्तियों के बारे में पता नहीं चल जाता हादसे की वास्तविक वजह को लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता।
जबकि एक अन्य घटनाक्रम मानिकपुर चौकी अंतर्गत दादरखुर्द रोड पर हुआ। इसमें भी एक चारपहिया स्कार्पियो गाड़ी काफी दूर से तेज रफ्तार से आने के बाद मंगलम भवन के सामने नाला में जा घुसी। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि संभवतरू इस गाड़ी का चालक नशे में था। नाला में घुसने से पहले इस गाड़ी की चपेट में आते-आते एक दोपहिया चालक बचा। बाद में चारपहिया गाड़ी नाले में समा गई। इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
जिले में ड्रंकन ड्राइव के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। नशे की स्थिति में गाड़ी चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालकों पर धारा 185 की कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस कर रही है। इन प्रकरणों को सीधे कोर्ट भेजा जा रहा है। ऐसे हर मामले में न्यूनतम 10 हजार रुपए की पेनाल्टी हो रही है। पिछले वर्ष कई करोड़ की पेनाल्टी ऐसे मामलों में चालकों पर हुई। पुलिस ने अभी भी ऐसा अभियान शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में चला रखा है। एल्कोमीटर से चालकों की जांच की जा रही है।
