पोस्टर से गायब हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधायक का छपा फोटो और गरमा गई जिले की राजनीति

कांग्रेस पार्टी ने मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर निशाना साधा, अब सोशल मीडिया में किये जा रहे ट्रोल

रायपुर/ कबीरधाम। जिले के नगर पालिका परिषद पंडरिया प्रशासन की ओर से लगाए गए एक पोस्टर से सीएम साय की फोटो गायब होने पर राजनीति गरमा गई है.

दरअसल, यहां सरकारी आयोजन के लिए छपवाए गए फ्लैक्स पोस्टर से सूबे के मुखिया यानी मुख्यमंत्री का ही फोटो गायब कर दिया गया, जबकि पालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष से लेकर सभी बड़े नेताओं के फोटो छपवाए गए हैं. लेकिन, यह सिर्फ एक पोस्टर में ही नहीं, बल्कि मंच से लेकर कार्यक्रम स्थल के बाहर लगे पोस्टरों में भी मुख्यमंत्री की फोटो गायब हैं. इसे कांग्रेस पार्टी ने मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है.

पालिका की ओर से आयोजित इस सरकारी कार्यक्रम में लोकार्पण की सभी तैयारी कर ली गई थी. इसी दौरान जब कुछ लोगों की नजर पोस्टर पर पड़ी तो इसका विरोध शुरू हो गया. इसके बाद मुख्य अतिथि के पहुंचने से ठीक पहले मंच के पोस्टर बदले गए, लेकिन इसकी खबर विपक्षी तक पहुंच चुकी थी, जिन्होंने अब सोशल मीडिया में पालिका प्रशासन और भाजपा के स्थानीय नेताओं को जमकर ट्रोल कर रहे हैं. पार्टी नेताओं की बयानबाजी जो भी हो, लेकिन पालिका प्रशासन की यह बड़ी लापरवाही मानी जा रही है.

गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद पंडरिया की ओर से बुधवार को दोपहर 2:30 बजे नगर के सामुदायिक भवन में नगर पालिका पंडरिया में वाहनों और विभिन्न उपकरणों का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें स्थानीय विधायक भावना बोहरा बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लिया. इस मौके पर यहां उपस्थित नगरवासियों को शासन की ओर से चलाए जा रहे कई महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई.

नगरपालिका परिषद् की ओर से बुधवार को लगभग एक करोड़ रुपये के जिन वाहनों और उपकरणों का लोकार्पण किया, उनमें ट्रेक्टर, JCB पोकलेन, कचरा ऑटो रिक्सा सहित 9 प्रकार के उपकरण शामिल थे, जिसे पालिका ने नगर के लिए खरीदी है. इस मौके पर इन सभी उपकरणों को नगर वासियों के लिए समर्पित किया गया.

Spread the word