इस एक पेड़ में फलते हैं “121” किस्म के आम, जानें कहां है पेड़

इस एक पेड़ में फलते हैं “121” किस्म के आम

पेड़ कंपनी बाग में लोगों का आकर्षण केंद्र है, हर शाखा पर अलग प्रजाति के आम

सहारनपुर (ए)। सहारनपुर आम की पैदावार के लिए दुनियाभर में पहचाना जाता है. यहां हजारों प्रकार की आम की वैरायटी उगाई जाती हैं. यदि आपको कोई बताए कि एक ही पेड़ पर 121 तरह के आम लगते हैं, तो यह विश्वास करना मुश्किल होगा. लेकिन, यूपी के सहारनपुर में कंपनी बाग के एक पेड़ पर 121 प्रजातियों के आम फल रहे हैं. यह शोध 14 साल पहले हुआ था. कंपनी गार्डन में स्थित यह पेड़ लोगों का आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. उद्यान विभाग ने इस पेड़ को शोध के लिए चुना था, ताकि किसान विभिन्न प्रजातियों को अपने खेतों में लगा सकें, जिससे उनकी आय बढ़े और बागवानी में नवाचार हो.

औद्योगिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र से सहायक उद्यान विशेषज्ञ आकाश कनौजिया ने बताया कि यह आम का पेड़ उद्यान विभाग का अनोखा शोध प्रोजेक्ट है. कंपनी गार्डन में स्थित इस पेड़ में 121 प्रकार के आम की प्रजातियों की कलमें बांधी गई हैं. हर शाखा पर अलग प्रजाति की कलम लगी है, जिसका मुख्य उद्देश्य शोध प्रदर्शन करना था. सुबह और शाम टहलने आने वाले लोग इस पेड़ को आकर्षण का केंद्र मानते हैं।

121 प्रजातियां शामिल

ये इसमें दशहरी, लंगडा, चौसा, रामकेला, आम्रपाली, जहाँगीर, अल्फांसो, महमूद बहार, केसर, सहारनपुर सौरभ, लखनऊ सफेदा, बॉम्बे, मैंगीफेरा ओडीरेटा, शरबती, जाफरान, नीलम, सिंगापुरी, लाल भदौरिया, ब्राईड ऑफ रुसिया सहित कुल 121 प्रजातियां शामिल हैं, जो शोध एवं प्रदर्शन के लिए लगाई गई हैं।

Spread the word