फ्लाइट का AC खराब होने के बाद भी कर दिया टेक ऑफ.. यात्री हुए हलाकान, प्रबंधन पर फूटा गुस्सा

रायपुर। हैदराबाद से रायपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट का एसी खराब होने के पश्चात भी प्लेन टेक ऑफ कर दिया गया जिसके कारण यात्रा के दौरान यात्री हलाकान रहे। रायपुर हवाई अड्डे पहुंचकर यात्रियों ने एयरपोर्ट ऑथोरिटी व इंडिगो प्रबंधन को खूब खरी खोटी सुनाई और टिकट के पैसे वापस करने की मांग की। यात्रियों के द्वारा फ्लाइट के अंदर की स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में साझा किया गया है जो अब वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी अनुसार बीती रात 6 जून को हैदराबाद से रायपुर जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट क्रमांक 6e 7248 का एसी टेक ऑफ करने से पहले ही खराब था जिसकी शिकायत यात्रियों के द्वारा फ्लाइट प्रबंधन से की गई थी परंतु फ्लाइट प्रबंधन के द्वारा शिकायत को दरकिनार करते हुए प्लेन टेक ऑफ कर दिया गया। हैदराबाद से रायपुर के 2 घंटे के सफर में यात्री गर्मी से परेशान हो गए। कोई किताब लेकर तो कोई न्यूज़ पेपर और मैगजीन से हवा करता दिखा।
रायपुर पहुंचकर यात्रियों का गुस्सा कंपनी प्रबंधन पर फूट पड़ा और उन्होंने कंपनी कर्मचारियों को खूब खरी खोटी सुनाई। यात्रियों का कहना था कि समस्या की शिकायत करने के पश्चात भी प्लेन को टेक ऑफ करने दिया जाना यात्रियों की जान से खिलवाड़ करना था। फ्लाइट में महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग भी थे जिनको खासी परेशानी हुई। भीषण गर्मी व फ्लाइट का एयर टाइट कंपार्टमेंट होने के कारण यात्रियों को सांस लेने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

नाराज यात्रियों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में शेयर किया। वीडियो में कंपनी के कर्मचारी नाराज यात्रियों से माफी मांगते नजर आ रहे हैं। यात्रियों ने इस घटना की शिकायत सिविल एविएशन मंत्रालय से करते हुए इंडिगो एयरलाइंस से उचित मुआवजे की मांग की है।
