हाई स्कूल और हायर सेकंडरी स्कूल के अतिशेष व्याख्याताओं की काउंसिलिंग प्रक्रिया हुई पूर्ण

स्कूल चयन के पश्चात दिया गया पदस्थापना आदेश पत्र जारी

कोरबा 02 जून 2025/ राज्य शासन के दिशा निर्देशानुसार आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कोरबा जिले में अतिशेष व्याख्याताओं की काउंसिलिंग प्रक्रिया आयोजित की गई। कलेक्टर श्री अजीत वसंत की उपस्थिति में कुल 75 अतिशेष  व्याख्याताओं की काउंसलिंग की गई।

सर्वप्रथम 60 वर्ष या 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्याख्याताओं की काउंसलिंग हुई। इसके बाद महिला और पुरूष वर्ग के व्याख्याताओं की काउंसलिंग की गई। उन्हें उनके निर्धारित सूची में से पसंद के विद्यालयों का विकल्प दिया गया। विषय अनुसार जिले के विद्यालय में पद नहीं होने पर अतिशेष व्याख्याताओं को संभाग स्तर के काउंसिलिंग में जाने का अवसर मिलेगा।

इस दौरान कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि शासन के निर्धारित दिशा निर्देशों के तहत निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। उन्होंने काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी व्याख्याताओं को निर्धारित सूची में से पसंद कर विद्यालय चयन करने के बाद पदस्थापना आदेश पत्र भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी पी उपाध्याय, डीएमसी श्री मनोज पांडेय तथा सभी बीईओ उपस्थित थे।

Spread the word