स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया औचक निरीक्षण, पाई गई अव्यवस्थाएं

कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कोरबा जिले के ग्राम पोड़ी-उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। कैबिनेट मंत्री श्री जायसवाल के अचानक दौरे से चिकित्सा अधिकारी/कर्मचारी सहित स्थानीय नागरिकों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान कई खामियों को गंभीरता से लेते हुए उन्हीने 4 से 5 अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानीय निवासियों ने कैबिनेट मंत्री श्री जायसवाल से मिलकर चिकित्सालय में जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में सोनोग्राफी मशीन और महिला सर्जन की लंबे समय से कमी है, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा 108 एम्बुलेंस की अनुपलब्धता को लेकर भी कैबिनेट मंत्री श्री जायसवाल के समक्ष चिंता जताई गई। लोगों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा।
चिकित्सालय परिसर में कार्यरत कर्मचारियों ने पेयजल की गंभीर समस्या से भी उनको अवगत कराया। इस पर कैबिनेट मंत्री श्री जायसवाल ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और सर्वसुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सोनोग्राफी मशीन, महिला सर्जन और 108 एम्बुलेंस सहित सभी आवश्यक सुविधाएं चिकित्सालय में जल्द मुहैया कराई जाएंगी।

Spread the word