ईरान ने पाकिस्तान को दिया बड़ा झटका, शहबाज शरीफ निराश

नई दिल्ली/तेहरान. भारत के खिलाफ वैश्विक समर्थन जुटाने की उम्मीद में तुर्किए से ईरान पहुंचे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को कड़ा झटका लगा है। ऑपरेशन सिंदूर में करारी शिकस्त के बाद शरीफ और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने तेहरान में ईरानी नेतृत्व से मुलाकात की। कश्मीर का राग अलापने और भारत के खिलाफ बयानबाजी की पाक नेतृत्व की कोशिशों के बीच ईरान ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया कि वह भारत-पाक संघर्ष का समाधान शांति और संवाद से चाहता है।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने शहबाज की बातों पर तटस्थ प्रतिक्रिया देते हुए केवल इतना कहा कि उन्हें खुशी है कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष समाप्त हुआ और आशा है कि दोनों देशों के मतभेद सुलझेंगे। यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान के लिए निराशाजनक रही, जिसने कश्मीर का मुद्दा जोर-शोर से उठाने की कोशिश की थी। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने भी संयुक्त प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि ईरान क्षेत्रीय शांति का समर्थक है और भारत-पाक के बीच वार्ता को प्राथमिकता देता है। इस पर शहबाज को कहना पड़ा कि पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत को तैयार है।
भारत के रुख का साथ दे रही दुनिया
दूसरी ओर, दुनिया के कई देशों ने भारत के आतंकवाद विरोधी रुख का समर्थन किया है। जहां-जहां भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल दौरा कर रहे हैं, उन सभी राष्ट्रों ने आतंकवाद को लेकर भारत की जीरो-टॉलरेंस नीति का समर्थन किया है।
