भारत ने भी 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान ए.एम.सी.ए. बनाने की परियोजना को मंजूरी दी

नई दिल्ली (एजेंसी). भारत ने भी 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान यानी एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) बनाने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह लड़ाकू विमान स्टील्थ तकनीक से लैस और दो इंजन वाला होगा। इसे सरकारी एजेंसी एडीए (एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी) बनाएगी। इसके लिए एडीए जल्द ही इसके लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओएल) जारी करेगा। इसके तहत सार्वजनिक और निजी कंपनियां भी परियोजना में शामिल हो सकेंगी। इस योजना को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंजूरी दी।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार स्टील्थ लड़ाकू विमान कार्यक्रम केवल भारतीय कंपनी ही चलाएगी। इसके लिए सरकारी और प्राइवेट दोनों कंपनियां बोली लगा सकती है। इसका मतलब है कि भारत इस विमान को बनाने के लिए पूरी तरह से भारतीय कंपनियों पर भरोसा कर रहा है। गौरतलब है कि स्टील्थ फाइटर जेट एक खास तरह का लड़ाकू विमान है। ये रडार को चकमा देने में माहिर होता है और दुश्मन को आसानी से दिखाई नहीं देता। बताया जाता है कि सरकार ने निजी कंपनियों को शामिल करने का फैसला इसलिए किया है, ताकि रक्षा क्षेत्र में प्राइवेट कंपनियों को बढ़ावा मिले और एचएएल पर दबाव कम किया जा सके।

यह होंगी विशेषताएं

दो इंजन का मल्टीरोल फाइटर, सभी मौसम में कारगर।

स्टेल्थ तकनीक के कारण दुश्मन की पकड़ से दूर।

7000 किलो के पेलोड के साथ उड़ सकेगा।

65,000 फीट की उंचाई तक उड़ान संभव।

2035 तक सेना में शामिल होने की संभावना।

Spread the word