नशेबाज पंचायत सचिव को जारी हुआ नोटिस, दो दिन में देना होगा जवाब, ग्रामीणों में भी है आक्रोश

कोरबा। जिला के पोड़ी-उपरोड़ा जनपद अंतर्गत एक पंचायत सचिव का नशे की हालत में वायरल हुआ वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इस खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासनिक महकमा सक्रिय हो गया है। वीडियो में सचिव नशे की हालत में नजर आ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में पहले से व्याप्त असंतोष और भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव की कार्यशैली लंबे समय से संदिग्ध रही है। खासकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जैसी महत्वपूर्ण योजना में भी उन्होंने लापरवाही बरती है, जिससे हितग्राहियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पोड़ी जनपद पंचायत के सीईओ ने सचिव को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय-सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उनके विरुद्ध निलंबन या अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
