बांग्लादेश में एक बार फिर से तख्तापलट की सुगबुगाहट शुरू, यूनुस और सेना से टकराव जारी

ढाका. बांग्लादेश में एक बार फिर से तख्तापलट के संकेत मिल रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक किसी भी वक्त अंतरिम सरकार गिर सकती है और इमरजेंसी लग सकती है। अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस गुरुवार को पद से इस्तीफा देने की पेशकश कर चुके हैं।
84 वर्षीय नोबेल पुरस्कार विजेता ने अपने मंत्रिमंडल से कहा कि अगर राजनीतिक दल उन्हें अपना पूरा समर्थन नहीं देते हैं, तो वे पद छोड़ना चाहते हैं। एक बांग्ला न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, मुहम्मद यूनुस का कहना है कि देश की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर उनका राजनीतिक पार्टियों के साथ मिलकर काम करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने ढाका में एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में देश के हालात पर नाराजगी जताई। छात्र नेता और नेशनल सिटिजन पार्टी के प्रमुख नाहिद इस्लाम ने मुहम्मद यूनुस से मिलने के बाद कहा कि वह देश की मौजूदा स्थिति में काम करने के लिए तैयार नहीं है।
विदेश सचिव को हटाया
इस बीच, खबर है कि मुहम्मद यूनुस ने विदेश सचिव जाशिम उद्दीन को हटा दिया है। जाशिम की जगह एम. रुहूल आलम सिद्धीक को विदेश सचिव बनाया है। उधर, यूनुस के विशेष सहायक फैज अहमद तैयब ने ने शुक्रवार को कहा कि बांग्लादेश में शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक परिवर्तन के लिए यूनुस पद पर बने रहेंगे। मोहम्मद यूनुस ने पिछले साल शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद अगस्त में अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। आपको बता दें कि हाल के महीनों में यूनुस के सेना से टकराव और राजनीतिक दलों का भरोसा खोने की अटकलें सामने आ रही हैं।
