वेल्डिंग कार्य के दौरान हादसे में घायल श्रमिक की मौत, आक्रोशित परिजन व मजदूरों ने किया प्रदर्शन

कोरबा 21 मई। डीडीएम स्कूल रोड स्थित आर के टी सी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में 12 मई को वेल्डिंग कार्य के दौरान हुए गंभीर हादसे में श्रमिक दिनेश निर्मलकर की जान चली गई। टेलर का टैंक फटने से बुरी तरह झुलसे दिनेश को पहले बीटीआर बिलासपुर और फिर भिलाई सेक्टर-9 बर्न हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां आज तड़के 2.30 बजे उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद आक्रोशित परिजन, साथी मजदूर और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में कंपनी गेट के बाहर जुट गए। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया, जो अब व्यापक जनसहमति का रूप ले चुका है।

प्रदर्शनकारियों की तीन मुख्य मांगेंः-
मृतक के दोनों बच्चों के नाम पर 15-15 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट कराई जाए।
परिवार के एक सदस्य को कंपनी में स्थायी रोजगार मिले।
कंपनी मैनेजर अमरजीत सिंह राणा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की अपराध दर्ज हो।
आरोप है कि आरकेटीसी प्रबंधन ने हमेशा की तरह सुरक्षा उपायों की अनदेखी की, जिसके चलते यह जानलेवा हादसा हुआ। हादसे के बाद भी कंपनी प्रबंधन पूरी तरह से चुप्पी साधे बैठा है न कोई बयान, न कोई आश्वासन।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी भूषण एक्का और कोतवाली टीआई मोतीलाल पटेल मौके पर पहुंचे और आंदोलनरत लोगों से बातचीत की, लेकिन कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया। पूरे मोहल्ले के लोग परिजनों के समर्थन में एकजुट हो चुके हैं। यह मामला अब केवल मजदूर सुरक्षा का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और जवाबदेही का प्रश्न बन चुका है।

Spread the word