शादी नहीं कराने से नाराज छोटे भाई ने बड़े भाई की कर दी हत्या

खैरागढ़. खैरागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रेंगाकठेरा में शुक्रवार रात छोटे भाई ने आपसी विवाद में अपने बड़े भाई की बांस की बल्ली से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घर का छोटा भाई शादी न कराए जाने से नाराज था, जिसके चलते वारदात को अंजाम दिया.  

एसडीओपी खैरागढ़ आशा रानी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि राकेश लंबे समय से अपनी शादी को लेकर नाराज था. उसका मानना था कि बड़े भाई प्रदीप ने जानबूझकर उसकी शादी नहीं कराई. इस बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो घातक हिंसा में बदल गई. आक्रोशित राकेश ने घर में रखी बांस की बल्ली से प्रदीप के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राकेश मंडावी फरार है. पुलिस ने गांव में दबिश देकर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

घटना के बाद पूरे रेंगाकठेरा गांव में सन्नाटा और शोक का माहौल है. पुलिस ने शव का पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल, गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Spread the word