बताती के पास बस पलटने से यात्रियों को आई चोटें

कोरबा 11 मई। छत्तीसगढ़ की पूर्वी सीमा के अंतिम जिले जशपुरनगर को जा रही एक यात्री बस आज सुबह कोरबा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार कुछ यात्रियों को अंदरूनी चोटें आई हैं। पीडितों को एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। उनके परिजनों को इस घटना की जानकारी दी गई है और उनके आने की प्रतीक्षा की जा रही है।

रजगामार पुलिस चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने बताया कि आज सुबह 7 बजे यह दुर्घटना कोरकोमा और बताती के बीच में हुई। कोरबा के डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी नए बस स्टैंड से निजी ट्रैवल्स की यात्री बस क्रमांक सीजी 04 ई 3350 जशपुर के लिए रवाना हुई थी। पता चला कि उसमें 40 यात्री सवार थे। कोरकोमा से आगे बढने के कुछ देर के बाद एक टर्निंग के पास बस पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त हो गई। किसी तरह की जनहानि दुर्घटना में नहीं हुई जबकि चार यात्रियों को लेकर जानकारी मिली है कि उन्हें अंदरूनी चोट आई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई और पीडि़तों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की।

Spread the word