कोरबा में मुख्यमंत्री कप के तहत 44वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला फुटबॉल चौंपियनशिप होंगी आयोजित

कोरबा 24 अप्रैल। जिले में एक बार फिर महिला फुटबॉल का राष्ट्रीय स्तर पर भव्य आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री कप कोरबा-2025 के अंतर्गत 44वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला फुटबॉल चौंपियनशिप का आयोजन 18 मई से 25 मई तक किया जाएगा। यह आयोजन घंटाघर कोरबा स्थित ओपन थिएटर में रात्रिकालीन मैचों के रूप में आयोजित किया जाएगा, जो महिला खेलों को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह प्रतियोगिता भारतीय महिला फुटबॉल महासंघ नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त है और इसकी रूपरेखा छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष संजू देवी राजपूत के मार्गदर्शन में तैयार की जा रही है। इस चौंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों की महिला टीमें भाग लेंगी, जिनमें संभावित रूप से पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, उड़ीसा, बिहार, महाराष्ट्र, झारखंड, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, तेलंगाना, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, असम और छत्तीसगढ़ शामिल हैं। सभी टीमों को उत्तम सुविधाएं प्रदान किया जाएगा।
अध्यक्ष संजू देवी राजपूत ने बताया कि यह आयोजन “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी खिलाओ” अभियान की भावना से प्रेरित है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। यह गौरवशाली चौंपियनशिप पहली बार वर्ष 1999-2000 में कोरबा में आयोजित की गई थी। इसके बाद 2005, 2007, 2011 और 2021-22 में इसका सफल आयोजन हुआ। अब यह छठी बार कोरबा में आयोजित की जा रही है, जिससे कोरबा को खेलों के मानचित्र पर फिर एक नई पहचान मिलेगी।
इस आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन एवं सार्वजनिक उपक्रमों का सहयोग सराहनीय रहा है। इस बार भी कोरबा महिला फुटबॉल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के लिए पूरी तरह तैयार है। आयोजन की संचालन व्यवस्था की जिम्मेदारी महासंघ के प्रदेश सचिव साजी टी. जान को सौंपी गई है, जो संपूर्ण समन्वय और व्यवस्थाओं का नेतृत्व करेंगे। हाल ही में छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल महासंघ द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजन समिति के गठन का निर्णय लिया गया। यह समिति चौंपियनशिप से जुड़ी सभी तैयारियों और आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का कार्य करेगी।
