कोल कंपनी एक बार फिर विवादों मेंः मजदूरों और ट्रैक्टर चालकों को शीघ्र ही बकाया राशि का भुगतान कराया जाए

कोरबा 23 अपै्रल। जिले के करतला एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित साउथ इंडिया कोल कंपनी एक बार फिर विवादों में है। एक वर्ष पूर्व हुए खनन और ब्लास्टिंग कार्य को लेकर यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्य भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष आकाश सक्सेना की निगरानी में संपन्न हुआ था। इस कार्य के दौरान कंपनी द्वारा करीब 200 मजदूरों और 25 ट्रैक्टर मालिकों से कार्य कराया गया, मगर अब तक उनका मेहनताना और परिवहन शुल्क अदा नहीं किया गया है। इससे आक्रोशित श्रमिकों और स्थानीय जनता ने न्याय की मांग उठाई है। इस विषय पर जनपद सदस्य दुलार सिंह राठिया ने छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित मजदूरों और ट्रैक्टर चालकों को शीघ्र ही बकाया राशि का भुगतान कराया जाए। दुलार सिंह राठिया ने कहा कि “यह केवल आर्थिक शोषण ही नहीं, बल्कि श्रमिकों के अधिकारों का खुला उल्लंघन है। प्रशासन को तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। क्षेत्रीय जनता ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और सभी प्रभावित मजदूरों को उनका हक मिल सके।

Spread the word