22 अप्रैल को एसईसीएल मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होंगे सभी क्षेत्र के प्रतिनिधि

कोरबा 21 अप्रैल। ऊर्जाधानी भू-विस्थापित किसान कल्याण समिति के 12 सूत्रीय मांगों के अलावा क्षेत्र स्तर की मांगों पर गेवरा, दीपका, कोरबा, कुसमुंडा और रायगढ़ क्षेत्रीय कार्यालयों में द्विपक्षीय वार्ता कर कुछ निर्णय लिए गए।

जिसके अंतर्गत प्रभावित क्षेत्रों के विकास कार्यों, आउटसोर्सिंग कंपनियो में भर्ती और ठेका कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, मुआवजा और बसाहट से संबंधित प्रकरणों पर जिला प्रशासन के साथ त्वरित निपटारा कर मुख्यालय भेजे जाने इत्यादि विषयों पर सकरात्मक वार्ता हुई तथा मुख्यालय से सबंधित बिंदुओं पर एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में उच्च स्तरीय बैठक में चर्चा के लिए प्रस्ताव लिया गया है ।

क्षेत्रीय स्तर की बैठक में लिए गए निर्णय अंतर्गत मॉनिटरिंग कमेटी का गठन कर प्रति माह प्रभावित ग्राम में चौपाल लगाकर समस्याओं का समाधान, सप्ताह में एक दिन हर ग्राम में स्वास्थ्य शिविर का निःशुल्क दवाई वितरण के साथ आयोजन, आवश्यकता के अनुसार पेयजल की आपूर्ति और बोर खनन, निस्तार हेतु तालाबो में खदान का पानी का भराव, पुनर्वास ग्रामो में मुक्तिधाम का निर्माण, जर्जर सड़को का जीर्णोद्धार, पहुंचविहीन मार्गो में निर्माण तथा प्रदूषण रोकने के लिए पानी का छिड़काव, स्वयं सहायता समूह को स्थायी आजीविका के लिए ट्रेनिग और उपकरण उपलब्ध कराना, बेरोजगार युवकों को कौशल उन्नयन कर व्यवसाय हेतु मदद, आउटसोर्सिंग कंपनियो में स्थानीय भर्ती कराने हेतु पूर्व में लिए गए निर्णय को लागू करना, ठेका कर्मचारियों के वेतन, भत्ते, मेडिकल, सुरक्षा का कड़ाई से पालन, ठेका कामगारों का 40 लाख रुपये का कार्पोरेट दुर्घटना बीमा, वेतन की राशि सीधे खाते में जमा, एसईसीएल के विद्यालयो में भू-विस्थापित परिवार के बच्चों को प्राथमिकता देना आदि शामिल हैं।

Spread the word