अमेरिका – चीन टैरिफ वार से भारत में कम हो सकती हैं कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतें

नई दिल्ली। अमेरिका द्वारा चीन पर 125 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने के बाद अब भारत में कुछ इलेक्ट्रॉनिक्स सस्ते हो सकते हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, कई चीनी इलेक्ट्रॉनिक घटक निर्माता भारतीय कंपनियों को 5 प्रतिशत तक की छूट दे रहे हैं। इससे भारत में फोन, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतें कम हो सकती हैं। भारतीय कंपनियां लागत में हुई इस बचत का लाभ ग्राहकों को देने पर विचार कर रही हैं ताकि मांग बढ़े। अमेरिका ने 2 अप्रैल को चीन पर भारी शुल्क लगाया, जिसके जवाब में चीन ने भी 34 प्रतिशत टैक्स लगा दिया। इसके बाद, अमेरिका ने 9 अप्रैल तक अपने शुल्क को 125 प्रतिशत तक बढ़ा दिया। इससे चीन के उत्पाद अमेरिका में महंगे हो गए हैं और उनके पास बचा स्टॉक निकालना मुश्किल हो रहा है। इसी वजह से वे भारत जैसी जगहों पर छूट देने को मजबूर हैं, जहां कंपनियां मई-जून से नए ऑर्डर दे रही हैं।

छूट का असर कब दिखेगा?

रिपोर्ट के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक इंडस्ट्री में आमतौर पर 2 से 3 महीने का इन्वेंट्री साइकिल चलता है, इसलिए कंपनियां मई-जून से नए ऑर्डर देना शुरू करेंगी। सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स के सीईओ अवनीत सिंह मारवाह ने कहा, चीन में सप्लाई ज्यादा हो गई है, लेकिन अमेरिका से ऑर्डर घटने से कंपनियों में घबराहट है। इस कारण भारतीय कंपनियां कीमतों पर फिर से बातचीत कर रही हैं और इस छूट का कुछ हिस्सा ग्राहकों को भी मिलेगा।

घरेलू निर्माण को मिल रहा प्रोत्साहन

इस बीच इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 28 मार्च को 22,919 करोड़ रुपये की (प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव) योजना को मंजूरी दी थी। ये योजना नॉन-सेमिकंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के लिए है, जिससे भारत में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और ग्लोबल निर्भरता कम होगी। इससे भारतीय उपभोक्ताओं को कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है।

Spread the word