पाइप लाइन फूटने से जल प्रदाय कार्य बाधित, पांच दिन से पानी के लिए मारामारी

कोरबा 15 अपै्रल। बैसाख की शुरुआत से पहले ही कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में पानी को लेकर लोग विकट परेशान हैं। पांच दिन से उन्हें यहां-वहां से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। तकनीकी समस्या इसकी प्रमुख वजह बताई जा रही है। ऐसे में वैकल्पिक उपायों पर जोर दिया गया। लंबे समय से इस तरह की परेशानी गर्मी के सीजन में कटघोरा में आना समझ से परे है।

सूत्रों के अनुसार कटघोरा में पाइप लाइन फूटने से जल प्रदाय कार्य बाधित हो गया। जिसे नगर पालिका द्वारा सुधार दिया गया लेकिन इसके बाद फिल्टर प्लांट में तकनीकी खराबी के चलते तीन मोटरें जल गईं, जिससे पानी की सप्लाई बाधित हो गई। कहीं भी नल-जल प्रणाली से पानी देना मुश्किल हो गया। ऐसे में प्राइवेट बोरवेल से टैंकर भरकर यहां-वहां आपूर्ति कराई गई। जबकि बड़े हिस्से में लोगों ने अपने स्तर पर पानी का प्रबंध किया और पड़ोसियों की जरूरत पूरी कर संवेदनशीलता दिखाई।

नगरवासियों ने इस समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर जिला प्रशासन तक शिकायत की। इस पर जिला कलेक्टर ने कटघोरा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल जल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। सीएमओ द्वारा कलेक्टर को जानकारी दी गई कि पाइपलाइन की मरम्मत हो चुकी है और जल्द ही पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। लेकिन हकीकत यह है कि नगर में अब भी पानी नहीं आ रहा है। हालांकि, नगर पालिका अध्यक्ष ताज जायसवाल का कहना है कि फिल्टर प्लांट में खराब हुई मोटरों की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है और उम्मीद है कि कल सुबह से नगर में जल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। चार दिनों से पानी की अनुपलब्धता ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह बिगाड़ दिया है। कारण यह है कि लोगों को पानी का प्रबंध करने के लिए जल्दी उठने के साथ श्रम करना पड़ता है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही जल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। तकनीकी कारणों से जल प्रदाय व्यवस्था बाधित हुई, जिसके कारण स्थानीय नागरिकों को परेशान होना पड़ा। आवश्यक सुधार कार्य किया जा रहा है। आज शाम तक जल प्रदाय व्यवस्था बहाल कर ली जाएगी। -राज जायसवाल, अध्यक्ष, नपा कटघोरा

Spread the word