गोलमाल है भई सब गोलमाल है ! नगर में लगे सभापति को बधाई के पोस्टर.. विश्व हिंदू परिषद ने की निंदा, कहा – हमें जानकारी नहीं

कोरबा 13 मार्च। कोरबा शहर में नगर निगम सभापति चुनाव के बाद चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम किसी थ्रिलर वेब सीरीज से कम नही है। एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर पदाधिकारीयों की धड़कन बढ़ी हुई है तो दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस सहित शहर के आम नागरिक भी हाथों में मोबाइल लिए रोज नए एपिसोड का इंतजार करते रहते हैं। शहर में चल रही इस सियासी खींचतान में नया घटनाक्रम कल घटित हुआ जब भाजपा से निष्कासित नगर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर को बधाई देने वाले पोस्टर नगर के विभिन्न स्थानों में लगने लगे। पोस्टरों में बधाई देने वाले विभिन्न संगठनों में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल का नाम भी अंकित था। देखने वाले अचरज में थे की धार्मिक गतिविधियों से संबंध रखने वाले यह संगठन राजनीतिक अखाड़े में कब कूद गए और वह भी उस पार्टी के विरुद्ध जो कि समान विचारधारा की ही अनुयायी है।

शहर में लगे पोस्टरों को लेकर चर्चाओं ने जब जोर पकड़ा तो आज विश्व हिंदू परिषद के द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए आश्चर्यजनक खुलासा किया गया। जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा गया की नगर निगम सभापति को बधाई देने वाले पोस्टर संगठन की जानकारी और अनुमति के बिना ही लगाए गए हैं। विश्व हिंदू परिषद किसी भी प्रकार के राजनीतिक विषयों पर हस्तक्षेप नहीं करता और ना ही वह इस प्रकार की गतिविधियों का समर्थन करता है। इस संबंध में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारीयों से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें ऐसे पोस्टर लगने की जानकारी ही नही है। पोस्टर लगाने वाले ने बिना उनसे अनुमति लिए ही पोस्टर लगवाए हैं।
इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री राज नारायण गुप्ता के द्वारा वीडियो जारी करते हुए कहा गया की पोस्टर लगने की जानकारी मिलने पर उनके द्वारा निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर से संपर्क किया गया और पोस्टर से विश्व हिंदू परिषद का नाम हटाने का निवेदन किया गया, जिस पर नूतन सिंह ठाकुर के द्वारा विश्व हिंदू परिषद का नाम हटाने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने पुनः दोहराया की विश्व हिंदू परिषद किसी भी राजनीतिक संगठन का समर्थन नहीं करता है। हिंदू समाज में किसी भी प्रकार की भ्रांति ना फैले इसलिए यह प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।
