शारदा विहार वार्ड : पूर्व पार्षद पति की 5 साल की उपलब्धियों को लेकर चुनावी मैदान में उतरी कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती तारा सोनी.. मिल रहा अपार जनसमर्थन

पांच साल में वार्ड में कराया गया है 15 करोड़ रुपयों से अधिक के निर्माण और विकास कार्य

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा का एक वार्ड ऐसा भी जहां महिला आरक्षण के बाद वार्ड के निवर्तमान पार्षद की पत्नी चुनाव लड़ रही है और अपनी जीत को लेकर आत्म विश्वास से लबरेज है।

हम बात कर रहे हैं नगर निगम कोरबा के वार्ड नम्बर- 13, शारदा विहार की। यहां से वार्ड के पूर्व पार्षद और निगम के पूर्व सभापति श्याम सुन्दर सोनी की धर्म पत्नी श्रीमती तारा सोनी कांग्रेस की टिकट के साथ चुनाव मैदान में उतरी हुई हैं। श्रीमती तारा सोनी अपने पति और वार्ड के पूर्व पार्षद एवं पूर्व नगर निगम सभापति श्याम सुन्दर सोनी के बीते 5 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर वार्ड के मतदाताओं के दरवाजे पर दस्तक दे रही हैं। श्रीमती तारा सोनी को वार्ड के मतदाताओं का, खासकर नारी शक्ति का भरपूर सहयोग और समर्थन मिल रहा है।

श्रीमती तारा सोनी कहती हैं कि पिछले 5 वर्ष में उनके पति ने अपने निर्वाचन क्षेत्र शारदा विहार वार्ड में 15 करोड़ रुपयों से अधिक राशि का विकास और निर्माण कार्य कराया है। नगर निगम के 1998 में गठन के बाद के 20 वर्षों में जितना कार्य कराया गया, उससे ज्यादा राशि के कार्य पिछले 5 वर्ष में हुए हैं। वे, इसी उपलब्धि और वार्ड विकास की अपनी भावी योजनाओं के साथ मतदाताओं से रूबरू हो रही हैं। उन्हें वार्ड के मतदाताओं से शानदार प्रतिसाद मिल रहा है।

श्रीमती तारा सोनी ने अपने पति के पिछले 5 वर्ष के कार्यकाल में जनता के लिए वार्ड में कराये गए मुख्य निर्माण कार्यों की सूची जारी की है। इस सूची में उन कार्यों का पूरा विवरण है, जो बीते 5 साल की अवधि में इस वार्ड में कराए गए हैं और जो अभी प्रगतिशील है। इसके साथ ही श्रीमती तारा सोनी ने चुनाव में जीत के बाद अगले 5 वर्ष के कार्यकाल में वार्ड वासियों के हित के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों का घोषणा पत्र भी जारी किया है।

वार्ड वासियों का कहना है कि पिछले कार्यकाल में सभापति रहते हुए 67 वार्डों का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद श्याम सुंदर सोनी के द्वारा वार्ड में बहुत से काम कराये गए हैं, जो पिछले कई साल से नहीं हुए थे। श्रीमती तारा सोनी वार्ड के आम नागरिकों के बीच जाकर समर्थन मांग रही हैं।

कांग्रेस की पार्षद प्रत्याशी श्रीमती तारा सोनी अपने सहज, सरल और विनम्र स्वभाव को लेकर वार्ड में जानी- पहचानी जाती हैं। उनका कहना है कि विकास एक सतत प्रक्रिया है, जो निरन्तर चलती रहती है। वार्ड में कुछ काम बाकी हैं वो भी जल्द कराये जाएंगे।

इस बात को लेकर कोई दो राय नहीं हो सकती कि जो पार्षद या जनप्रतिनिधि, जनता के लिए कार्य करता है, वहीं अपने कार्यों का विवरण मतदाताओं के समक्ष रखने का साहस जुटा पाता है और जनता के हित में भविष्य की योजनाओं को भी सफलता पूर्वक अमलीजामा पहना सकता है।

Spread the word