इंटर स्कूल बैडमिंटन में विजेता बना पीजी कॉलेज, आठ टीमों ने लिया हिस्सा

कोरबा, 7 नवंबर। शासकीय ईवि स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोरबा द्वारा आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय बैडमिंटन (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में ईविपीजी कॉलेज एवं महिला वर्ग में शासकीय महाविद्यालय भैसमा चौंपियन रहा। प्रतियोगिता का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एलएन कंवर की अध्यक्षता एवं पर्यवेक्षक श्रीमती अनिमा तिर्की के द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में 6 महाविद्यालय एवं महिला वर्ग में 8 महाविद्यालयों भाग लिया।

पुरुष वर्ग के फायनल में शासकीय पीजी कॉलेज ने 3-0 से कमला नेहरू महाविद्यालय को पराजित कर चौंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इसी प्रकार महिला वर्ग में शासकीय महाविद्यालय भैसमा ने शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा को 2-0 से पराजित कर चौंपियन ट्राफी जीती। खिलाडियों को महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार नायडू एवं कमला नेहरू महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक बृजेश तिवारी ने उन्हें पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मनीष श्रीवास्तव एवं नेहा कंवर को दिया गया। निर्णायक के रूप में वेणुगोपाल साहू, करण एवं श्लोक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालय से आए क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र ध्रुव, राजकुमारी मरकाम, गौरी वानखेड़े, सुमित कुमार सिंह, विनय कुमार यादव, सत्येंद्र सिंह, कन्हैया कंवर, प्रदीप केसरवानी, दिनेश चंद्रा उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में महाविद्यालय के क्रीड़ा समिति के सदस्य डॉ संदीप शुक्ला, श्याम सुंदर तिवारी, सुशील गुप्ता, साहनी चौहान ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन प्रतियोगिता के संगठन सचिव एवं महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ बीएस राव द्वारा किया गया।

Spread the word