हेरोइन सप्लाई करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह का मुख्य सरगना पंजाब से गिरफ्तार, अमृतसर में पुलिस की दबिश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हेरोइन की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सप्लायर को पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। एसीसीयू और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर 40 वर्षीय रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को पकड़ा। आरोपी को बिलासपुर लाने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
11.73 ग्राम हेरोइन के साथ पहले पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले की शुरुआत 24 अक्टूबर को हुई थी। उस दिन उसलापुर बाजार के पास पुलिस ने 32 वर्षीय दीपक वालिया को गिरफ्तार किया था। मूल रूप से पंजाब के अमृतसर का रहने वाला दीपक वर्तमान में उसलापुर में रह रहा था।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपये नकद बरामद किए गए थे। इस मामले में सकरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
साइबर इनपुट से मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
दीपक वालिया से पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को नशे के नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के बारे में जानकारी मिली। जांच में अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए रणनीति तैयार की।
अमृतसर में विशेष टीम ने दी दबिश
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम पंजाब रवाना की गई थी। एसीसीयू और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से अमृतसर में दबिश देकर रविंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे बिलासपुर लाया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरे नशा सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी सुदीप सरकार के अनुसार, इस मामले में पुलिस एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। इसका उद्देश्य केवल नशे की बिक्री करने वालों तक कार्रवाई सीमित रखना नहीं, बल्कि नशे की सप्लाई के स्रोत से लेकर पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की पहचान करना है।
वहीं, एसीसीयू निरीक्षक गोपाल सतपथी ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
