केवायसी के नाम पर लूटः संचालक ने डकारा हितग्राही का चावल, कार्यवाही की मांग

कोरबा, 4 नवम्बर। ग्रामीण क्षेत्र के पीडीएस दुकानों के संचालक उपभोक्ताओं के हितों में डाका डाल रहे हैं। घुंचापुर पोड़ी-उपरोड़ा में केवायसी के नाम पर दुर्गावती पति मनोज पाल सिंह का राशन कार्ड लेकर उचित मूल्य दुकान संचालक ने दो महीने का चावल हजम कर लिया। जिला प्रशासन से मामले की शिकायत की गई है।

पोड़ी उपरोड़ा सब डिविजन के अंतर्गत दर्राभाठा, घुंचापुर, घरीपखना से जुड़ी इस शिकायत में बताया गया कि दुकान क्रमांक 552005081 का संचालन बंधन दास कर रहा है। राशन कार्डधारी दुर्गावती ने बताया कि उनके कार्ड संख्या 22382048109 को केवायसी के नाम पर संचालक ने अफरा-तफरी की। बंधन दास ने सितंबर-अक्टूबर का 70 किलो चावल निकाल लिया। दुर्गावती को हाल में ही इसकी जानकारी हुई। पूछताछ करने पर संचालक गोलमोल जवाब दे रहा है।

प्रशासन और खाद्य विभाग से की गई शिकायत में बताया गया कि संचालक शक्कर के लिए हर उपभोक्ता से 20 रुपए और चना के लिए अतिरिक्त राशि की वसूली कर रहा है। पंचायत क्षेत्र के उपभोक्ता उनकी हरकतों से परेशान हैं। दुर्गावती ने मामले की जानकारी सीएम हेल्पलाइन को भी भेजने की बात कही। उसका कहना है कि ग्राहकों के हित पर डाका डालने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी जरूरी है।

Spread the word