राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ‘लोकतंत्र के लिए युवा’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित

कोरबा, 4 नवम्बर। शासकीय महाविद्यालय करतला की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ‘लोकतंत्र के लिए युवा’ विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रभा शंकर यादव के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सामाजिक कार्यकर्ता एवं विचारक ईश्वर श्रीवास रहे। अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. मृगेश कुमार यादव ने की। मुख्य वक्ता ईश्वर श्रीवास ने कहा कि आज के युवा के पास सबसे बड़ी पूंजी उसका रचनात्मक चिंतन है। डिग्री लेना बड़ी बात नहीं, दृष्टिकोण बड़ा होना चाहिए। लोकतंत्र केवल वोट देने से नहीं चलता, लोकतंत्र संवाद से चलता है, जागरूकता से चलता है। विद्यार्थियों को अपने अंदर के आत्मविश्वास को जगाना होगा। केवल नौकरी मांगने वाले मत बनो, अवसर पैदा करने वाले बनो। सोशल मीडिया पर समय बिताने से बेहतर है, समाज के बीच समय बिताओ। जब तक युवा खुद नहीं जागेगा, तब तक राष्ट्र निर्माण का सपना अधूरा है। आप ही लोकतंत्र के असली प्रहरी हैं। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. मृगेश कुमार यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम मात्र एक आयोजन नहीं है, यह विद्यार्थियों के विचारों, सपनों और संकल्पों का संगम है। युवा बोलता है तो देश सुनता है, युवा चलता है तो राष्ट्र चलता है और युवा ठान लेता है तब राष्ट्र बदल जाता है। यह युवा संवाद हमें अवसर देता है कि हम सुने, समझें और समाधान की ओर बढ़ें। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब उसका युवा जागरूक, शिक्षित और संस्कारित होगा। आप इस संवाद को यहाँ से अपने घर, गांव और जीवन में लेकर जाएं।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मोंटी पटेल ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट की स्रोत की प्रामाणिकता की जांच कर ही भरोसा करें। कार्यक्रम में आकाश गुप्ता, आयुष सक्सेना सहित प्राध्यापकगण डॉ. प्रीतीलता मिंज, मनीषा मिंज टोप्पो, स्वप्निल जायसवाल, मंजू पटेल, इंद्रकांत कैवर्त, उमाशंकर, दीप्ति अंचल, विजय बखला, खगेंद्र यादव, चंद्रेश कुमार उपस्थित रहे। संचालन डॉ. संजय कुमार यादव एवं आभार प्रदर्शन प्रभा शंकर यादव ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवकों कमलेश्वरी, गंगोत्री, टिकेश्वरी, तुलेश्वरी, श्वेता, नगेश्वर, तुषार साहू, जनेश्वरी, सुलोचना, मिथिला, लक्ष्मी, फरदीन, पुष्पेंद्र, श्रेया, भूपेन्द्र, उत्तम सिंह प्रजापति, रूपेश, राजकुमार, रितेश, अर्जुन सिंह आदि का योगदान रहा।

Spread the word