रिहायशी इलाके में पहुंचा मगरमच्छ का बच्चाः बड़े मगरमच्छ की मौजूदगी की आशंका से मची दहशत

कोरबा, 3 नवम्बर। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के प्रेम नगर वार्ड क्रमांक 65 स्थित भैरोताल में मगरमच्छ का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया। खोलार नाले से लगी रेलवे पटरियों के पास मगरमच्छ के बच्चे को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही क्षेत्र के पार्षद प्रेम साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से मगरमच्छ के बच्चे को पकड़कर बोरे में बंद किया और वन विभाग को इसकी सूचना दी। पार्षद के इस कदम के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
पार्षद प्रेम साहू ने बताया कि इससे पहले भी रेलवे पटरी पर एक मगरमच्छ मृत अवस्था में मिला था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कोई बड़ा मगरमच्छ भी आसपास मौजूद हो सकता है। लगातार मगरमच्छ दिखाई देने की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि खोलार नाला हसदेव नदी से जुड़ा हुआ है। इसी रास्ते मगरमच्छ रिहायशी इलाके तक पहुंच जाते हैं। कुछ दिन पहले भी क्षेत्र में एक मगरमच्छ मृत मिला था। अब मगरमच्छ का बच्चा मिलने के बाद लोगों में भय का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। पार्षद ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल नाले और नदी के आसपास जाने से बचें। खासकर बच्चों को पानी के किनारे अकेले नहीं जाने दें।

Spread the word