विवाद को लेकर दो पक्षों में पुलिस चौकी में हुई मारपीट

कोरबा, 2 नवम्बर। रजगामार पुलिस चौकी के अंदर ही प्रार्थी के साथ मारपीट होने की घटना में अपराध दर्ज किया गया है। 30 अक्टूबर की रात वाहन दुर्घटना की रिपोर्ट लिखाने चौकी पहुंचे आकाश सरोज ने ओमपुर निवासी जयकिशन पटेल पर गाली-गलौच करने, जान से मारने की धमकी देने और हाथ से थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने जयकिशन पटेल के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार आकाश सरोज 30 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे खेमलाल की कार के सामने जानवर आ जाने के कारण कार पेड़ से टकरा गई थी। इसी घटना की रिपोर्ट लिखाने के लिए आकाश सरोज, अशोक के साथ रजगामार चौकी पहुंचे थे। खेमलाल की रिपोर्ट लिखाने के दौरान ओमपुर निवासी जयकिशन पटेल चौकी पहुंचा और आकाश सरोज तथा उसके साथ मौजूद लोगों से गाली-गलौच करने लगा। जयकिशन पटेल ने जान से मारने की धमकी दी और चौकी के अंदर कैमरे के सामने आकाश सरोज को हाथ से थप्पड़ मारा। रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर में दशहरा के दौरान दुर्गा पंडाल में हुए विवाद को लेकर जयकिशन पटेल के खिलाफ पहले से अपराध दर्ज है।

20 अक्टूबर की रात करीब 11.30 बजे ओमपुर के दुर्गा पंडाल में हुई घटना को लेकर जिज्ञासा सिंह ने पुलिस चौकी रजगामार में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर जयकिशन पटेल और दिपेश साहू के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार जिज्ञासा सिंह युवा दुर्गा एवं महिला उत्सव समिति ओमपुर की पदाधिकारी एवं उपाध्यक्ष हैं और इसी वजह से वह दुर्गा पंडाल में मौजूद थीं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जयकिशन पटेल और दिपेश साहू पंडाल के अंदर आए और जिज्ञासा सिंह के साथ मारपीट करने लगे।

Spread the word