दीपावली पर्व को लेकर पटाखा कारोबारियों की बैठक ली पुलिस ने

कोरबा, 2 नवम्बर। पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि पर्याप्त सुरक्षा प्रबंधों और अग्नि दुर्घटनाओं के रोकथाम के लिए समुचित उपाय के बिना पटाखा मार्केट संचालित नहीं होगा। कारोबारियों को सभी पैरामीटर्स की कसौटी पर खरा उतरना होगा।
दीपावली पर्व को लेकर पुलिस ने जनसुरक्षा, अग्नि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को पटाखा कारोबारियों की बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसीबी प्रभारी विरासत कुजूर, नगर निगम के सुमित गुप्ता तथा होमगार्ड के अग्निशमन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस बैठक में कहा गया कि कारोबारी दुकानों में वैध लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित करें तथा केवल लाइसेंस में निर्धारित स्थान पर ही पटाखों का विक्रय एवं भंडारण करें। लाइसेंस में निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे रखना, लाइसेंस की वैधता समाप्त होने के बाद विक्रय करना तथा दुकान का उपयोग अन्य प्रयोजनों के लिए करना प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक के दौरान होमगार्ड के अग्निशमन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पटाखा व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। कर्मचारियों द्वारा अग्निशमन यंत्र के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) भी दिया गया।
