पर्यावरण संरक्षण को लेकर कोल हैंडलिंग प्लांट की टीम ने फायर सेक्शन की अनुपजाऊ जमीन पर बिखेरी हरियाली

कोरबा, 30 अक्टूबर। उत्पादन और सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए दीपका की मिनी सीएचपी टीम ने एक सराहनीय पहल की है। टीम ने अग्निशमन केंद्र परिसर में लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी बंजर भूमि को हरी-भरी बगिया में बदलने की दिशा में कदम बढ़ाया है। यहां प्याज, धनिया, शिमला मिर्च, बैंगन, पालक और मूली सहित विभिन्न सब्जियों के बीज एवं पौधे लगाए गए हैं। वहीं, परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए गेंदा फूल के पौधों का भी रोपण किया गया है।
मिनी सीएचपी टीम की इस पहल से न केवल अनुपयोगी भूमि का बेहतर सदुपयोग होगा, बल्कि परिसर में हरियाली बढने के साथ स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण भी विकसित होगा। टीम इससे पहले भी सेमी मोबाइल क्रशर तथा बी-3 एवं बी-4 प्लांट परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा चुकी है। टीम की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि औद्योगिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी बेहद जरूरी है। मिनी सीएचपी टीम उत्पादन और सुरक्षा के साथ हरित परिसर के विकास तथा पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी कार्यसंस्कृति का हिस्सा बना रही है। इस सराहनीय कार्य में कपिल प्रजापत, एपी गुप्ता, लव कुमार, संतोष राठौर, परदेसी साहू, सत्यप्रकाश मिश्रा, शोभ राम, मनहरण पटेल, राजकुमार राठौर एवं विनय पांडे सहित सीएचपी परिवार के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
