हाथियों के दल ने बेबी एलीफेंट को साथ लेकर पहुंचे चिकनीपाली, धान की फसलों को किया तहस-नहस

कोरबा, 26 अक्टूबर। वनमंडल कोरबा के करतला परिक्षेत्र अंतर्गत लबेद बीट के साजापानी गांव में मौजूद हाथियों का दल बीती रात आगे बढकर चिकनीपाली गांव पहुंच गया है।
दल में बेबी एलीफेंट के आने के बाद हाथियों की मौजूदगी लगातार 6 दिनों तक साजापानी व उसके आसपास के गांवों में बनी रही। कल ग्रामीणों ने बेबी एलीफेंट के जन्म की खुशी में छटठी का कार्यक्रम आयोजित किया था जो काफी धूमधाम से संपन्न हुआ। साजापानी गांव में छटठी का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद हाथियों के दल ने बेबी एलीफेंट को साथ में लेकर अब चिकनीपाली पहुंच गया है। यहां पहुंचते ही हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया और ग्रामीणों के खेतों में पहुंचकर वहां पककर तैयार धान की फसलों को तहस-नहस कर दिया।
हाथियों के उत्पात से पांच ग्रामीण प्रभावित हुए हैं, जिनकी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई है। पीडित ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर हाथियों द्वारा रात में किए गए नुकसानी के आंकलन में जुट गए हैं वहीं निगरानी भी बढ़ा दी गई है। हाथियों के दल व उसमें शामिल बेबी एलीफेंट की निगरानी ड्रोन कैमरे के जरिए की जा रही है।
