साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग पर घिरीं SP अंकिता शर्मा, IG ने मांगा स्पष्टीकरण

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित शस्त्र पूजन के दौरान एसपी अंकिता शर्मा की हर्ष फायरिंग का मामला चर्चा में आ गया है। साड़ी पहनकर AK-47 से फायरिंग करने का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद हथियार चलाने की तकनीक और पुलिस के निर्धारित नियमों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने एसपी से स्पष्टीकरण मांगा है।

पुलिस लाइन में हुआ था शस्त्र पूजन

दरअसल, विजयादशमी के अवसर पर राजनांदगांव पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में एसपी अंकिता शर्मा समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान हथियारों की पूजा-अर्चना कर आमजन की सुरक्षा और बुराई पर अच्छाई की जीत की कामना की गई।

इसी कार्यक्रम के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने AK-47 से हर्ष फायरिंग की। इसका वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया। फायरिंग की तकनीक और पुलिस के शस्त्र संबंधी नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे।

पुलिस मुख्यालय ने लिया संज्ञान

राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव के मुताबिक, मामला उनके संज्ञान में आने के साथ ही पुलिस मुख्यालय तक भी पहुंचा है। पुलिस मुख्यालय ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसपी से स्पष्टीकरण मांगा है।

आईजी ने बताया कि विजयादशमी पर शस्त्र पूजन पुलिस विभाग की परंपरा है और इसका आयोजन सभी जिलों में किया जाता है। हालांकि, राजनांदगांव में हुई हर्ष फायरिंग को लेकर सामने आई टिप्पणियों और निर्धारित शस्त्र नियमों के अनुरूप कार्रवाई के संबंध में जवाब मांगा गया है।

स्पष्टीकरण के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

आईजी अजय यादव ने स्पष्ट किया कि एसपी अंकिता शर्मा का जवाब मिलने के बाद मामले की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद अपनी टिप्पणी और अनुशंसा के साथ प्रकरण पुलिस मुख्यालय को भेजा जाएगा।

पुलिस मुख्यालय से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल, एसपी के स्पष्टीकरण और मामले में पुलिस मुख्यालय के अगले कदम का इंतजार है।

Spread the word