सर्वमंगला मंदिर में लगा श्रद्धालुओं का तांता

कोरबा, 18 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि की महासप्तमी के पावन अवसर पर हसदेव नदी के तट पर विराजमान मां सर्वमंगला देवी के मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। माता रानी के दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंचे भक्त कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मान्यता है कि मां सर्वमंगला सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं, इसलिए नवरात्रि के इन दिनों में यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

मंदिर के राजपुरोहित एवं प्रबंधक नमन पांडे ने बताया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि पर्व मंदिर परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मां के दरबार में देश ही नहीं बल्कि विदेश को मिलाकर श्रद्धालुओं द्वारा लगभग 12,000 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं, जिनकी जगमगाहट से पूरा मंदिर परिसर अलौकिक रूप से प्रज्वलित हो रहा है। माता के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर प्रबंधन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।

Spread the word