कार से आए पहिया चोरः तलवार दिखाकर मुंशी को धमकाया, 4 पहिए और 2 बैटरियां बरामद, एक आरोपी जेल दाखिल, दूसरा फरार

कोरबा, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में ट्रकों के पहिए चोरी करने पहुंचे आरोपियों ने विरोध करने पर कैंप के मुंशी को तलवारनुमा धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसका दूसरा साथी फरार है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार पहिए, दो बैटरियां, एक धारदार तलवार और व्हील पाना बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल आर्टिका कार भी जब्त की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सुराकछार स्थित रामबाबू कैंप की है। रात करीब 2 बजे कैंप में मुंशी विकास यादव सो रहे थे। इसी दौरान पेशाब करने के लिए उठने पर उन्होंने कुछ लोगों को कैंप में खड़े ट्रकों के पहिए निकालकर सड़क किनारे रखते देखा। विकास यादव ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने उनकी गर्दन पर तलवारनुमा धारदार हथियार रखकर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी ट्रकों से चार पहिए निकाल चुके थे।

विकास यादव ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। कुछ देर बाद वे चोरी किए गए पहिए लेने दोबारा कैंप पहुंचे। इस बीच मुंशी ने वाहन मालिकों को घटना की जानकारी दे दी थी। वाहन मालिकों के पहुंचने पर आरोपियों ने आर्टिका कार क्रमांक सीजी 04 पीसी 9142 से भागने की कोशिश की। सुराकछार से बांकीमोंगरा की ओर भागते समय उनकी कार पुरेना अंडरब्रिज के नीचे खेत में घुस गई। इसी दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि कार चालक को वाहन मालिकों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान चोरी के चार पहिए, दो बैटरियां, एक धारदार तलवार और व्हील पाना बरामद किया। वारदात में इस्तेमाल कार सहित सभी सामान जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नजीर अली (26), पिता रियासत अली, निवासी तेंदुटिकरा, उदयपुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने बांकीमोंगरा थाने में अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 309(4), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सत्यम साहू के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में पीएसआई निखिल देवांगन, एएसआई नंदलाल टंडन, आरक्षक संजय रात्रे, हरीश मरावी, बुद्ध सिंह मधुकर, संजय सिंह और हिमांचल कंवर शामिल रहे।
क्षेत्र में खड़े ट्रकों से पहिए चोरी होने की घटनाओं ने वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फरार साथी की तलाश कर रही है। पुलिस की जांच में चोरी की अन्य घटनाओं से आरोपियों के संभावित संबंधों का पता लगाया जा सकता है।

Spread the word