खेत में फटा ट्रांसफार्मर: पिता-पुत्र समेत 3 किसानों की मौत; पांच दिन तक चला इलाज

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के मोहतरा गांव में ट्रांसफार्मर फटने से झुलसे पिता-पुत्र समेत तीन किसानों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 20 सितंबर को हेमबंद खार में हुआ था। खेत में काम करने के दौरान ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ और गर्म तेल व आग की लपटों की चपेट में आने से तीनों किसान गंभीर रूप से झुलस गए थे।
हादसे के बाद तीनों को बेमेतरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया था। करीब पांच दिन तक इलाज चलने के बाद शुक्रवार को तीनों ने दम तोड़ दिया।
पिता-पुत्र समेत तीन किसानों की गई जान
मृतकों की पहचान ईश्वर पटेल (62), राधेश्याम चंद्राकर (50) और उनके बेटे छन्नू चंद्राकर (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि राधेश्याम चंद्राकर और उनके बेटे छन्नू का अंतिम संस्कार शुक्रवार को ही किया गया, जबकि ईश्वर पटेल का अंतिम संस्कार शनिवार को मोहतरा में किया जाएगा।
खेत में काम करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, तीनों किसान खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद ट्रांसफार्मर का गर्म तेल दूर तक फैल गया और आग की लपटों की चपेट में आने से तीनों किसान बुरी तरह झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल बेमेतरा जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को रायपुर रेफर कर दिया था।
पांच दिन तक जिंदगी और मौत से जूझते रहे
रायपुर में तीनों किसानों का करीब पांच दिनों तक इलाज चला, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। शुक्रवार को इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। हादसे ने खेतों में बिजली उपकरणों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
