केंद्र सरकार का बड़ा फेरबदल, मंदीप भंडारी बने CBSE के नए चेयरपर्सन; कई अफसरों के विभाग बदले

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसी क्रम में 2001 बैच के आईएएस अधिकारी मंदीप के भंडारी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। मंदीप के भंडारी AGMUT कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और फिलहाल जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें CBSE की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद उनकी नई नियुक्ति प्रभावी होगी।
लोखंडे प्रशांत सीताराम के पास था अतिरिक्त प्रभार
मंदीप भंडारी से पहले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम CBSE चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। सीताराम को इस वर्ष 2 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया था। इसके साथ ही उन्हें CBSE चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था।
कई अन्य अधिकारियों के विभाग भी बदले
केंद्र सरकार के इस फेरबदल में CBSE के अलावा कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार को ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय के महानिदेशक श्रीकांत नागुलापल्ली को व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनके स्थान पर कर्नाटक कैडर के 2000 बैच के आईएएस अधिकारी वी. पोनुराज को नया हाइड्रोकार्बन महानिदेशक बनाया गया है। इसके अलावा सरिता चौहान चंद को इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार नियुक्त किया गया है। आनंद सिंह को आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल के तहत पी. हेमलता को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, पीयूष सिंह को बिजली मंत्रालय और अंकिता मिश्रा बुंदेला को उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं मनीषा सेनसरमा को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्र सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
